Thursday, March 23, 2017

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री से रिश्ते हैं, जमानत दे दो @ BeyondTheThirdEye



गुजरात ! जमानत के लिए भले ही लोगों को पुलिस स्टेशन या कोर्ट के चक्कर काटने पड़ते होंगे, लेकिन बीजेपी के एक पूर्व काउंसिलर ने इसके लिए नया तरीका बताया है। हर्षित तलाती के मुताबिक अग्रिम जमानत पाने के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से अच्छे संबंध होने चाहिए, साथ ही राजनीति में गहरी जड़ें भी इसमें मदद कर सकती है। तलाती ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ कुछ तस्वीरें भी पेश कीं, जिससे बिना पर उसने कहा कि वह बेल पाने का हकदार है। लेकिन कोर्ट इससे प्रभावित नहीं हुआ और उनकी जमानत की अर्जी को खारिज कर दिया। हाल ही में तलाती को सीआईडी क्राइम ने एक आपराधिक मामले में कनेक्शन होने के चलते गिरफ्तार किया था।

तलाती के खिलाफ वडोदरा की गायत्रीनगर सोसाइटी में करोड़ों की जमीन में फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। तलाती मामले में फरार थे और कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दर्ज करवाई थी। तलाती ने जमानत की अर्जी के साथ अपने राजनैतिक संबंधों का ब्योरा देते हुए खुद को बेल दिए जाने की वकालत की। अपनी जमानत अर्जी में तलाती ने लिखा मैं एक बिजनेसमैन हूं और कई वर्षों से बीजेपी में रहकर राजनीति कर रहा हूं। मैं पार्टी की तरफ से काउंसिलर भी चुना जा चुका हूं और मेरी राजनीति में जड़ें काफी गहरी हैं। मेरे बीजेपी के आला नेताओं सहित प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भी अच्छे संबंध हैं। मैं जांच या ट्रायल के दौरान भाग नहीं जाऊंगा।

अहमदाबाद मिरर ने जब उनके वकील कौशिक भट्ट से बात की तो पहले उन्होंने कहा कि हमने एक रिवाइज्ड एप्लिकेशन फाइल की है। बाद में उन्होंने माना कि उन्होंने एक एप्लिकेशन फाइल की है, जिसमें कुछ फोटो भी थे ताकि कोर्ट को यह विश्वास हो जाए कि तलाती कहीं भाग नहीं जाएंगे। भट्ट ने कहा कि तलाती बेकसूर हैं। उनका नाम एफआईआर में भी नहीं है। हमने एक अर्जी भी दाखिल की हुई है कि उनका बाद में नाम एफआईआर में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दिव्यांग झा के वकील राजेश मोदी ने कहा कि कोर्ट ने इस याचिका को रद्द कर दिया है, क्योंकि हमने अर्जी दाखिल की थी कि आरोपी अपने राजनैतिक रिश्तों के बल पर कोर्ट को प्रभावित करना चाहता है।


Siken Ka Radio
आभार: जनसत्ता 

No comments:

Featured Post

जसबीर कविता मंच द्वारा काव्य संग्रह 'प्रकृति और भावनाएं' का विमोचन

जसबीर कविता मंच डॉ. जसबीर कौर ने 2020 में संस्थापित किया। इस काव्य मंच पर सभी कवि कवयित्री अपने मन के उद्गार व अनुभूतियां सांझा करते हैं। इस...